नवरात्रि एवं ईद के मद्देनजर एसपी ने पुलिस बल के साथ किया फ्लैग मार्च

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़: जिले में शुक्रवार को नवरात्रि, ईद पर्व व अलविदा की नमाज़ के दृष्टिगत जिले में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु एसपी दीपक भूकर द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी एवं सहायक पुलिस अधीक्षक (सीओ सिटी) प्रशान्त राज के साथ थाना कोतवाली नगर क्षेत्र अन्तर्गत शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील स्थलों पर व्यापक स्तर पर पैदल गश्त एवं फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान एसपी द्वारा विभिन्न चौराहों, बाजारों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को अधिकतम सतर्कता, अनुशासन एवं समन्वय के साथ कर्तव्य निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया गया, साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। एसपी द्वारा आमजन एवं व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उन्हें आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई तथा यह भी अवगत कराया गया कि जनपद पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक एवं पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर प्रसारित होने वाली भ्रामक व अफवाहपूर्ण सूचनाओं पर सतर्क दृष्टि रखते हुए त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न होने पाए।






