उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में तेल चोर गिरोह का पर्दाफाश,पुलिस मुठभेड़ में शातिर गब्बर गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/हरदोई : हरदोई जनपद में ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पाली और पचदेवरा की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद शातिर अपराधी कुलदीप उर्फ गब्बर को गिरफ्तार किया।

22 मार्च की रात गयाई चौराहे के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का इशारा किया। इस पर कार सवार ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पकड़ा गया अभियुक्त कुलदीप उर्फ गब्बर, पड़ोसी जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज का निवासी है। उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में 40 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से 20,000 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, कारतूस, एक स्विफ्ट कार और लगभग 40 लीटर चोरी का तेल बरामद किया है।

तलाशी के दौरान कार से तेल चोरी में इस्तेमाल होने वाले पाइप, आरी के ब्लेड और खाली डिब्बे जैसे उपकरण भी मिले हैं। यह गिरोह पिछले एक सप्ताह से पाली, पचदेवरा और बिलग्राम थाना क्षेत्रों में सक्रिय था और दर्जनों निजी नलकूपों को निशाना बना चुका था।

क्षेत्राधिकारी शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि गिरोह काफी समय से सक्रिय था और इसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में ट्रांसफार्मर तेल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस अब गिरोह के फरार अन्य सदस्यों और चोरी का तेल खरीदने वाले नेटवर्क की तलाश में जुटी है, ताकि पूरे सिंडिकेट का जल्द ही पूरी तरह पर्दाफाश किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button