उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर के धर्मेश यादव का राष्ट्रीय खेलों में जलवा, जीते सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल

जन एक्सप्रेस/जौनपुर/चंडीगढ़: जौनपुर जिले के लिए गर्व की खबर सामने आई है। जिले के करंजाकला विकासखंड के ग्राम प्यारेपुर निवासी एथलीट धर्मेश यादव ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए एक सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल जीतकर जनपद का मान बढ़ाया है।

चंडीगढ़ के सेक्टर-7 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित पांचवें खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स में देशभर के खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। इस प्रतियोगिता में 21 राज्यों से 700 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिससे मुकाबला बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।

इस कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच धर्मेश यादव ने अपने अनुभव और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने लांग जंप स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर अपनी क्षमता का लोहा मनवाया। इसके अलावा गोला फेंक (शॉट पुट) में भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।

यही नहीं, धर्मेश यादव ने 4×100 मीटर रिले रेस में उत्तर प्रदेश टीम का हिस्सा बनते हुए टीम को ब्रॉन्ज मेडल दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई। इस तरह उन्होंने कुल मिलाकर एक सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल जीतकर जौनपुर और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया।

धर्मेश यादव की इस उपलब्धि पर जौनपुर में खुशी का माहौल है। मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन जौनपुर के अध्यक्ष जिलाजीत ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने धर्मेश यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

अपनी सफलता पर धर्मेश यादव ने अपने कोच और मार्गदर्शक डॉ. अजीत यादव का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बनकट गांव निवासी डॉ. अजीत यादव के मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग के बिना यह उपलब्धि हासिल करना संभव नहीं था।

यह उपलब्धि न केवल धर्मेश यादव के व्यक्तिगत परिश्रम का परिणाम है, बल्कि यह जौनपुर जिले के खेल प्रतिभाओं की क्षमता को भी दर्शाती है। उम्मीद है कि भविष्य में भी जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button