उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई के खिलाड़ियों ने “स्पोर्ट्स फॉर चेंज” प्रतियोगिता में लहराया परचम, कई पदक किए अपने नाम

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई एचसीएल फाउंडेशन द्वारा 21 एवं 22 मार्च 2026 को गुरु गोविंद सिंह स्टेडियम, लखनऊ में आयोजित “स्पोर्ट्स फॉर चेंज” प्रतियोगिता में जनपद हरदोई के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का मान बढ़ाया। अंडर-16 आयु वर्ग की इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न बेसिक विद्यालयों एवं सरकारी सहायता प्राप्त इंटर कॉलेजों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गोल्ड, सिल्वर तथा ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए।

प्रतियोगिता में माधौगंज, कछौना और भरावन ब्लॉक के प्रतिभागियों ने हैंडबॉल, आर्चरी (इंडियन एवं रिकर्व), बास्केटबॉल (5×5), टेबल टेनिस, हाई जंप, शॉटपुट थ्रो, 80 मीटर हर्डल्स, टच रग्बी, जैवलिन थ्रो और 100×4 मिक्स्ड रिले जैसी विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।

माधौगंज ब्लॉक के यूपीएस इसरापुर विद्यालय के खिलाड़ियों ने हैंडबॉल और आर्चरी में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि बास्केटबॉल में भी टीम ने पदक हासिल किए। कछौना के केजीबीवी विद्यालय की छात्राओं ने कई स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं भरावन ब्लॉक के खिलाड़ियों ने जैवलिन थ्रो और मिक्स्ड रिले में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

खिलाड़ियों की इस सफलता में टीम लीडर्स की अहम भूमिका रही। माधौगंज के विकास, कछौना के आलोक दोसर और भरावन के लवलेश ने खिलाड़ियों को निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया। इसके अलावा एचसीएल फाउंडेशन की ओर से मानवेंद्र सिंह, महेंद्र प्रताप और अश्वनी कुमार का भी विशेष सहयोग रहा।यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने में सहायक सिद्ध हुआ, बल्कि जिले में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button