हरदोई: अरवल में मौरंग भरा तेज रफ्तार डंपर पलटा, बाल-बाल बचे ग्रामीण, चालक गंभीर रूप से घायल

हरदोई : जनपद के अरवल थाना क्षेत्र के अंतर्गत करनपुर मार्ग पर बुधवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। मौरंग से लदा एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस दुर्घटना में डंपर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई।
तीखे मोड़ पर अनियंत्रित हुआ वाहन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर को कन्नौज की दिशा से मौरंग भरकर एक डंपर तेज रफ्तार में करनपुर की ओर आ रहा था। जैसे ही वाहन अरवल थाना क्षेत्र के कुलिया गांव के पास पहुँचा, वहाँ स्थित एक तीखे मोड़ पर चालक संतुलन खो बैठा और डंपर सड़क के किनारे पलट गया।
कोटे की चीनी और सरकारी मशीनरी मौरंग में दबी
हादसा जिस जगह हुआ, वहाँ बड़ा नुकसान होने से बच गया। मौके पर कुलिया गांव की कोटेदार कुंती देवी के पति बलवान सिंह सरकारी कोटे की 5 बोरी चीनी उतारकर वाहन का इंतजार कर रहे थे। डंपर पलटते ही चीनी की बोरियां और सरकारी कांटा मौरंग के ढेर के नीचे दब गए। बलवान सिंह और अन्य मौजूद लोगों ने डंपर को अपनी ओर आता देख समय रहते भागकर जान बचाई।
घायल चालक अस्पताल में भर्ती
इस हादसे में डंपर चालक बृजेश (पुत्र रामप्रसाद, निवासी करहल, सैफई, जनपद मैनपुरी) गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही अरवल पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुँचाया।
पुलिस ने बताया कि घायल चालक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और मौरंग में दबे सरकारी सामान को निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।






