जौनपुर महोत्सव में डीएम दिनेश चंद्र का स्वरचित गीत हुआ लॉन्च

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर महोत्सव के द्वितीय दिवस तथा शासन के उत्कृष्ट नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ऐतिहासिक शाही किला में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सांध्यकालीन कार्यक्रम के दौरान मा0 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश गिरीश चंद्र यादव जी, माननीय सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह प्रिंशु अध्यक्ष नगर पालिका परिषद जौनपुर मनोरमा मौर्य, जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति सहित अन्य सम्मानित जनप्रतिनिधिगण, आमजनमानस की उपस्थिति में जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चन्द्र द्वारा शासन की नौ वर्षों की उपलब्धियों एवं “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” की संकल्पना पर आधारित उनके स्वरचित गीत “तड़पती धूप में देखो, पिघलती बर्फ में देखो” का लोकार्पण किया गया। इस गीत को बॉलीवुड गायक वरदान सिंह ने
अपनी आवाज़ दी है।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि यह गीत मात्र एक रचना नहीं, बल्कि मन की अनुभूति का प्रतिबिंब है। उन्होंने गायक वरदान सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब शब्द और स्वर का संगम होता है, तब एक नई यात्रा का आरंभ होता है—एक ऐसी यात्रा, जो विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ती है। उन्होंने आगे कहा कि जब हम आम जनता और लाभार्थियों से सीधे संवाद करते हैं, तब हमें देश के वास्तविक विकास का अनुभव होता है।
उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी के समर्पण पर बल दिया। इस अवसर पर माननीय राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव जी तथा मा0 सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह प्रिंशु सहित उपस्थित आमजनमानस ने जिलाधिकारी द्वारा रचित गीत की सराहना की। मा0 गिरीश चंद्र यादव मंत्रीजी तथा बृजेश सिंह प्रिंशु एमएलसी द्वारा जौनपुर महोत्सव में मनमोहक गीतों की प्रस्तुति देने तथा जिलाधिकारी के स्वरचित गीत को स्वर देने पर गायक वरदान सिंह को अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया।






