एसएसबी जवानों की मानवता: ठूठीबारी में सड़क हादसे के चार घायलों की बचाई जान

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: इंडो नेपाल बार्डर की सुरक्षा में तैनात 22वी वाहिनी एसएसबी ठूठीबारी द्वारा सीमा क्षेत्र में ड्यूटी के साथ मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया है। एसएसबी जवानों ने सड़क हादसे में घायल चार लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। बीते शुक्रवार को करीब साढ़े सात बजे नदी-02 ओपी पोस्ट के पास एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सवार चार लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही समवाय प्रभारी सहायक कमांडेंट प्रिया यादव उप निरीक्षक अजित तालुकदार के साथ सरकारी वाहन से तत्काल मौके पर पहुंचीं। बताया गया कि सामने अचानक आई मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। घायलों में एक पुरुष, एक महिला और दो बच्चे शामिल थे, जो सड़क किनारे सहायता की प्रतीक्षा कर रहे थे। घटना स्थल पर पहुंची एसएसबी टीम ने बिना देर किए सभी को सुरक्षित वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।
घायलों की पहचान बसंतपुर निवासी बिंद्रेश यादव, नेपाल के धर्मौली निवासी सुमन यादव, छह वर्षीय अंश यादव और आठ वर्षीय मोहिनी के रूप में हुई है। बाद में परिजनों के पहुंचने पर सभी को उनके सुपुर्द कर दिया गया। वही एसएसबी की इस त्वरित कार्रवाई और मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।






