उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़प्रतापगढ़प्रतापगढ़राज्य खबरें

एसपी ने कानून व्यवस्था व अपराध नियंत्रण के मद्देनजर की बैठक, दिया निर्देश

जन एक्सप्रेस/प्रतापगढ़: प्रतापगढ़ जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन स्थित सई कॉम्प्लेक्स में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिले के सभी आला अधिकारियों की उपस्थिति में लंबित प्रकरणों और सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। ​गोष्ठी के दौरान एसपी ने हत्या, लूट, चोरी, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के मामलों में अब तक की प्रगति का विवरण लिया।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वांछित और पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी में कोई ढील न बरती जाए। साथ ही गैंगस्टर एक्ट के तहत भू-माफियाओं और पेशेवर अपराधियों के विरुद्ध कठोर निरोधात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। ​पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि सीएम डैशबोर्ड और आईजीआरएस के माध्यम से आने वाली शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान नकबजनी और चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

साथ ही प्रत्येक थाने के टॉप-10 अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और उनके विरुद्ध प्रभावी पैरवी करने पर जोर दिया गया। उन्होंने जिले भर में लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की जांच व ऑपरेशन दृष्टि के तहत कवरेज बढ़ाने के निर्देश दिया। ​बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेन्द्र लाल, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष और शाखा प्रभारी मौजूद रहे। एसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि विवेचनाओं की गुणवत्ता में सुधार लाते हुए न्यायोचित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए ताकि आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा हो।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button