उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोईहरदोई

हरदोई में निजी स्कूलों की अवैध वसूली पर समाजसेवी ने मांगी कड़ी कार्रवाई

जन एक्सप्रेस/हरदोई:  जनपद में निजी विद्यालयों द्वारा कॉपी, किताब और स्कूल ड्रेस के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संबंध में समाजसेवी कर्ण सिंह राणा ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार त्रिवेदी को सौंपते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कई निजी विद्यालय अभिभावकों को विशेष दुकानों से ही पुस्तकें, कॉपियां और ड्रेस खरीदने के लिए बाध्य कर रहे हैं, जहां बाजार से कई गुना अधिक कीमत वसूली जा रही है। इतना ही नहीं, इस पूरे खेल में कमीशनखोरी की भी आशंका जताई गई है, जिससे यह मामला एक संगठित आर्थिक शोषण का रूप लेता दिख रहा है।

यह भी बताया कि “अनिवार्य किट”, “एडिशनल एक्टिविटी चार्ज” और “ड्रेस अपडेट” जैसे नामों पर भी अभिभावकों से अतिरिक्त धन वसूला जा रहा है, जिसका कोई स्पष्ट औचित्य नहीं है। इससे मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, और कई अभिभावक बच्चों की पढ़ाई छुड़ाने तक को मजबूर हो रहे हैं।

ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि सभी निजी विद्यालयों की फीस संरचना की जांच कराई जाए, मनमानी पर रोक लगे और दोषी विद्यालयों पर सख्त कार्रवाई हो। साथ ही अभिभावकों के लिए प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र स्थापित करने की भी मांग की गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button