उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़.राज्य खबरें

पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 31 मुकदमों वाले शातिर गैंगस्टर की लाखों की संपत्ति होगी कुर्क

जन एक्सप्रेस /​प्रतापगढ़: जनपद में अपराधियों और माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। एसपी दीपक भूकर के निर्देशन में अन्तू थाने के शातिर गैंगस्टर राज कुमार वर्मा द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई करीब 31 लाख रुपये की अचल संपत्ति को जिला मजिस्ट्रेट के द्वारा कुर्क करने का आदेश जारी किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लीलापुर थाना क्षेत्र के तिना चितरी गांव निवासी राज कुमार वर्मा पुत्र दशाराम वर्मा एक लंबे समय से अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। प्रशासन द्वारा की गई जांच में सामने आया कि अभियुक्त ने समाज विरोधी क्रियाकलापों के माध्यम से अवैध धन अर्जित कर ग्राम भदारीकला में 1482 वर्ग फीट आबादी भूमि खरीदी थी। जिला मजिस्ट्रेट ने उ.प्र. गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) के तहत इस संपत्ति को कुर्क करने का आदेश जारी किया, जिसकी अनुमानित कीमत 31 लाख 10 हजार 350 रुपये आंकी गई है। ​अभियुक्त राज कुमार वर्मा पुलिस रिकॉर्ड में एक अभ्यस्त अपराधी है। वह अन्तू थाने का सूचीबद्ध गैंगस्टर है। उसके विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम जैसी गंभीर धाराओं में कुल 31 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह एक संगठित गिरोह चलाकर जनमानस में भय पैदा कर संपत्ति अर्जित कर रहा था। ​प्रतापगढ़ पुलिस के अनुसार पेशेवर अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। जनपद में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button