उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़राज्य खबरें

पत्रकारों की मुहिम : कैंसर पीड़ित मासूम के लिए जुटाए सवा तीन लाख

"कलम की पुकार, जनता ने खोला भंडार" दिल खोलकर मदद कर रहे लोग

जन एक्सप्रेस/प्रतापगढ़: पत्रकारिता जब सामाजिक सरोकार से जुड़ती है तो वह न केवल व्यवस्था को आईना दिखाती है बल्कि जीवन बचाने का जरिया भी बन जाती है। जिले के कोहंडौर और मदाफरपुर क्षेत्र के पत्रकारों की एक मुहिम ने इसे सच कर दिखाया है। ब्लड कैंसर से जूझ रहे 13 वर्षीय मासूम यशवर्धन सिंह के इलाज के लिए पत्रकारों की अपील पर समाज ने दिल खोलकर दान दिया, जिससे महज कुछ ही दिनों में सवा तीन लाख रुपये की सहायता राशि एकत्रित हो गई। कोहड़ौर थाना इलाके के अतरसण्ड गांव निवासी स्व. अजय सिंह के पुत्र यशवर्धन सिंह इस समय लखनऊ के एसजीपीजीआई अस्पताल में जीवन और मौत की जंग लड़ रहे हैं। साल 2015 में पति को खोने वाली मां पर दुखों का पहाड़ तब टूटा जब इकलौते बेटे को कैंसर होने की पुष्टि हुई। आर्थिक तंगी के कारण इलाज रुकने की कगार पर था। जब यह बात स्थानीय पत्रकारों तक पहुँची तो उन्होंने इसे केवल खबर न मानकर एक मानवीय जिम्मेदारी समझा और सोशल मीडिया पर “यशवर्धन बचाओ” मुहिम की शुरूआत की। ​पत्रकारों की इस मुहिम का असर इतना व्यापक रहा कि देखते ही देखते यह एक जन-आंदोलन बन गया। इस नेक कार्य में ​जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, व्यापारी, ठेकेदार, कोटेदार चिकित्सक, अधिवक्ता और स्कूल प्रबंधकों के साथ ही पुलिसकर्मियों ने सक्रिय सहयोग करते हुए यथासम्भव आर्थिक मदद पहुँचाई। यही नहीं छोटे दुकानदारों और आम नागरिकों ने भी अपनी क्षमतानुसार दान देकर यह साबित कर दिया कि इंसानियत आज भी जिंदा है। एकत्रित हुई 3.25 लाख रुपये की राशि से यशवर्धन के जटिल और महंगे इलाज में बड़ी सहूलियत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने पत्रकारों के इस सामूहिक प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया का ऐसा सकारात्मक उपयोग समाज के लिए एक बड़ी मिसाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button