हमीरपुर: दबंगों का आतंक! सरकारी सड़क खोदकर नगर पंचायत को पहुंचाया लाखों का नुकसान
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मिलकर नगर पंचायत अध्यक्ष आशारानी कबीर ने की दबंगो के खिलाफ कार्यवाही की मांग

जन एक्सप्रेस / हमीरपुर : जनपद के कुरारा नगर पंचायत में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाते हुए सार्वजनिक सड़क को खोद डाला। इस मामले में कोई ठोस पुलिस कार्रवाई न होने पर कुरारा नगर पंचायत अध्यक्ष आशारानी कबीर ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) ब्रजेश पाठक से मुलाकात कर दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लाखों की लागत से बनी सड़क को किया तहस-नहस
नगर पंचायत कुरारा की तरफ से की गई लिखित शिकायत में गंभीर आरोप लगाए गए हैं। बताया गया है कि वार्ड संख्या-9 (अश्विनी) से बच्चू के मकान तक नगर पंचायत द्वारा सड़क निर्माण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कराया गया था।
-
दबंगई की हदें पार: 23 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे राजेश सिंह पुत्र रामरतन (निवासी बेरी) ने अपने पुत्र कुलदीप सिंह सहित 8 से 10 अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर अपनी दबंगई दिखाते हुए मनमाने तरीके से इस पक्की सड़क को खोदना शुरू कर दिया।
-
इससे नगर पंचायत को लाखों रुपयों की भारी आर्थिक क्षति हुई है और सरकारी संपत्ति को जानबूझकर नुकसान पहुंचाया गया है।
मौके पर पहुंचे कर्मचारियों को दी ‘लाशें बिछाने’ की धमकी
जब नगर पंचायत प्रशासन को इसकी भनक लगी और कर्मचारियों को मौके पर काम रोकने के लिए भेजा गया, तो दबंगों ने मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं:
-
कर्मचारियों के साथ जमकर अभद्रता और मां-बहन की भद्दे गालियां दी गईं।
-
दबंगों ने जान से मारने की धमकी देते हुए सरेआम कहा कि “लाशें बिछा देंगे”।
-
इस भयानक खौफ और दहशत के चलते डरे-सहमे पंचायत कर्मी बैरंग वापस लौट आए।
कुरारा पुलिस की सुस्ती पर उठे सवाल!
नगर पंचायत अध्यक्ष का आरोप है कि घटना और धमकी की शिकायत करने के बावजूद कुरारा पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस वैधानिक कार्रवाई नहीं की है। पुलिस की इसी सुस्ती के चलते दबंगों के हौसले सातवें आसमान पर हैं।
बताया जा रहा है कि सड़क खोदने वाले आरोपी शातिर और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं, जिनके खिलाफ पहले से ही न्यायालय में कई मुकदमे विचाराधीन हैं। अध्यक्ष आशारानी कबीर ने डिप्टी सीएम से गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।






