उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़राज्य खबरें

मेधावी छात्र-छात्राओं को मिली साइकिल, खिले चेहरे

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़:  जिले के मंगरौरा ब्लाक अंतर्गत अतरसंड गांव स्थित स्व. रामराज सिंह यादव ( दरगाही यादव ) कान्वेंट स्कूल में मंगलवार को मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से साइकिल व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर नन्हे मेधावियों के चेहरे खुशी से दमक उठे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व विद्यालय के संरक्षक जरनैल सिंह यादव ने मेधावियों को साइकिलें वितरित कीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान छात्रों की कड़ी मेहनत और उनकी लगन का प्रतिफल है। इस तरह के पुरस्कार बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करते हैं और उन्हें भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित करते हैं। विद्यालय के अध्यक्ष सरनाम सिंह यादव ने कहा कि प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती। ग्रामीण अंचल के बच्चों में अपार क्षमताएं हैं, बस उन्हें सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि साइकिल मिलने से बच्चों को स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी और उनका मनोबल बढ़ेगा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक राम देव सिंह यादव व प्रधानाध्यापक कश्मीर सिंह यादव ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र छात्राओं, शिक्षकों समेत काफी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button