उत्तर प्रदेशचित्रकूटटॉप न्यूज़

4 साल सुशासन के: विकास की नई पहचान बना मऊ-मानिकपुर, जनता बोली— “ऐसे विधायक हर क्षेत्र को मिलें”

जन एक्सप्रेस चित्रकूट।(हेमनारायण हेमू ) :अविनाश चंद्र द्विवेदी के चार वर्ष के कार्यकाल को लेकर मऊ-मानिकपुर क्षेत्र में विकास और जनसंपर्क की चर्चाएं तेज हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि कभी पिछड़ेपन और मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझने वाला मानिकपुर अब तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी न केवल विकास कार्यों को गति दे रहे हैं, बल्कि आम जनता के दुख-दर्द में भी हमेशा साथ खड़े दिखाई देते हैं।ग्रामीणों ने बताया कि पहले कई गांवों में सड़क, बिजली और मूलभूत सुविधाओं का अभाव था, लेकिन विधायक बनने के बाद क्षेत्र में लगातार विकास कार्य शुरू हुए। लोगों का कहना है कि विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी एक फोन कॉल पर जनता के बीच पहुंच जाते हैं और समस्याओं का तत्काल समाधान कराने का प्रयास करते हैं।
गांवों में किए गए जनसंपर्क और सर्वे के दौरान ग्रामीणों ने विधायक की कार्यशैली की खुलकर सराहना की। ग्रामीणों ने बताया कि एक बार गांव में बिजली बिल बकाया होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति बनी, तब विधायक ने स्वयं बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन कर गांव की बिजली बहाल कराने का आग्रह किया और कहा कि “जरूरत पड़े तो बिल मुझसे ले लीजिए, लेकिन गांव की बिजली जोड़ दीजिए, गर्मी बहुत है।” इस घटना के बाद क्षेत्र में विधायक की संवेदनशील छवि और मजबूत हुई।
विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी ने अपने चार वर्षों की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि “मानिकपुर का हर सपना, विकास से होगा अपना” संकल्प के साथ क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि छेछिरिहा बुजुर्ग में नई नहर निर्माण परियोजना पर लगभग 50.11 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि 19 तालाबों के गहरीकरण और सुंदरीकरण पर करीब 9.94 करोड़ रुपये की लागत आई है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 44 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वहीं मानिकपुर से बरदहा बांध तक पुल निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। 53 कंपोजिट एवं प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराया गया है।
विधायक ने बताया कि क्षेत्र में 21 नए कम्युनिटी शेड बनाए गए, 516 हाईमास्ट स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गईं तथा 334 संपर्क मार्गों का निर्माण और नवीनीकरण कराया गया। इसके अलावा 300 सोलर स्ट्रीट लाइटों का निर्माण कार्य भी पूरा कराया गया है।
उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर, वाल्मीकि आश्रम, रानीपुर टाइगर रिजर्व, बरगढ़ किला और तुलसीदास से जुड़े स्थलों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण कार्य भी तेजी से कराए जा रहे हैं। तहसील परिसरों में यात्री शेड और प्रतीक्षालय निर्माण को भी प्राथमिकता दी गई है।
क्षेत्रीय जनता का कहना है कि विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी की कार्यशैली ने मऊ-मानिकपुर की राजनीति में नई पहचान बनाई है और विकास के साथ-साथ जनता से सीधा जुड़ाव ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button