
जन एक्सप्रेस /नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को उस समय माहौल गरमा गया जब ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र, युवा पेशेवर और अभिभावक विरोध प्रदर्शन के लिए एकत्र हुए। भर्ती परीक्षाओं और शैक्षणिक व्यवस्थाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आयोजित इस प्रदर्शन में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर करीब 1000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने एनएम, सीयूईटी, सीबीएसई और एसएससी समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित खामियों और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की कमी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की, वहीं कुछ समूहों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।प्रदर्शन की सबसे खास बात रही कॉकरोच के मुखौटे। बड़ी संख्या में युवाओं ने कॉकरोच मास्क पहनकर व्यवस्था के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान अभिजीत दीपके ने मंच से युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश का युवा अब डरने वाला नहीं है और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा, “कॉकरोच कभी डरते नहीं और आसानी से खत्म भी नहीं होते, ठीक उसी तरह युवा अपनी आवाज़ बुलंद करते रहेंगे।”
अभिजीत दीपके ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें एयरपोर्ट से बाहर निकलने में अनावश्यक रूप से रोका गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर दबाव बनाने की कोशिश बताया।प्रदर्शन के दौरान एक दिलचस्प घटना भी देखने को मिली, जब एक व्यक्ति कॉकरोच मारने वाला ‘हिट’ स्प्रे लेकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रदर्शनकारियों ने उसे तत्काल वहां से बाहर कर दिया।सूत्रों के अनुसार, अभिजीत दीपके पहले संसद मार्ग थाना जाकर प्रदर्शन की अनुमति लेने वाले थे, लेकिन अनुमति प्रक्रिया को लेकर अनिश्चितता के कारण कार्यक्रम सीधे जंतर-मंतर पर आयोजित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अराजक स्थिति से बचने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।
पुलिस उपायुक्त पंकज अतुलकर ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी रहा और युवाओं ने भर्ती एवं परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग दोहराई।
‘कॉकरोच आंदोलन’ बना चर्चा का केंद्रअनोखे प्रतीक और तीखे नारों के कारण यह प्रदर्शन पूरे दिन सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा। युवाओं का कहना है कि जब तक भर्ती और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।






