आजमगढ़उत्तर प्रदेशराज्य खबरें

मोदी सरकार के 12 साल: विकास, विश्वास और जनकल्याण की ऐतिहासिक यात्रा – अनिल राजभर

जन एक्सप्रेस/आजमगढ़: भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को विकास, विश्वास और जनकल्याण का स्वर्णिम काल बताया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से शुरू हुई यह यात्रा केवल सरकार की उपलब्धियों का विवरण नहीं, बल्कि देश को आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित भारत बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जनता ने 2014, 2019 और 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताकर सुशासन और विकास की राजनीति को समर्थन दिया है।

अनिल राजभर ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब, किसान, महिला और युवाओं को केंद्र में रखकर योजनाएं संचालित की हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल गवर्नेंस और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) व्यवस्था के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों तक पहुंची है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है। वहीं मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से स्वरोजगार को नई गति मिली है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में सड़क, रेलवे, हवाई अड्डों और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, वंदे भारत ट्रेनों, मेट्रो नेटवर्क, नए एयरपोर्ट और भारतनेट परियोजना ने देश की आधारभूत संरचना को मजबूत किया है।

उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर एक मजबूत और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक स्वीकृति, वैक्सीन मैत्री अभियान और बढ़ते विदेशी निवेश भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा के प्रमाण हैं।

अनिल राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य विकसित भारत का निर्माण है और सरकार का प्रत्येक निर्णय अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से लिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में और अधिक मजबूती से स्थापित होगा।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आजमगढ़ सदर ध्रुव सिंह, जिलाध्यक्ष लालगंज विनोद राजभर, पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button