उत्तराखंडनई टिहरी

सीडीओ ने जनता दरबार में सुनी जनसमस्याएं 28 शिकायतों पर हुई सुनवाई

जन एक्सप्रेस / नई टिहरी :   जिला सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में जनपदवासियों की समस्याओं और शिकायतों को सुना गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 28 शिकायतों एवं आवेदनों पर सुनवाई की गई।

जनता दरबार में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

तहसील टिहरी के ग्राम चवादन्त, पोस्ट बीपुरम निवासी रविन्द्र सिंह चौहान ने खेमड़ा-कुंडाली मार्ग पर एक व्यक्ति द्वारा बनाए गए तालाब से उनके मकान को खतरा होने की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं वीएमएम कॉलेज, बुरांसवाड़ी (चम्बा) के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के पंजीकरण एवं शैक्षणिक अभिलेखों की जांच की मांग उठाई। इस संबंध में सीडीओ ने पूर्व में गठित जांच समिति की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

ग्राम जाख के ग्रामीणों ने गौचर भूमि पर पर्यटन विभाग द्वारा बिना पर्याप्त जांच-पड़ताल के पैराग्लाइडिंग गतिविधियों की अनुमति दिए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई। इस मामले में उपजिलाधिकारी टिहरी को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

रानीचौरी-साबली निवासी विजलदास ने आवास के निकट स्थित दो चीड़ के पेड़ों से मकान को खतरा होने तथा बंदरों के आतंक से सुरक्षा प्रदान करने की मांग रखी। इस पर नरेंद्रनगर वन प्रभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बौराड़ी स्थित मिलन केंद्र के समीप नालियां बंद होने के कारण सड़क पर मलबा जमा होने की शिकायत स्थानीय दुकानदारों एवं निवासियों ने की। सीडीओ ने प्रशिक्षु आईएएस ज्योति, लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर उसी दिन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जनता दरबार में स्थानीय नागरिकों के साथ सभी जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button