
जन एक्सप्रेस/ उत्तरकाशी: जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आगामी राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस (28 जून 2026) की तैयारियों के मद्देनजर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. पांगती ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पिपली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ब्लॉक डुंडा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक शर्मा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान डॉ. पांगती ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने टीकाकरण व्यवस्था, वैक्सीन कोल्ड चेन, डीप फ्रीजर एवं अन्य उपकरणों की कार्यशीलता, दवाओं की उपलब्धता, अस्पताल की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनपद का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पिपली का भी दौरा किया। यहां संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध संसाधनों और अभिलेखों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया।
डॉ. बी. एस. पांगती ने जनपदवासियों से अपील की कि 28 जून 2026 को आयोजित राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस पर अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और पोलियो उन्मूलन अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
इस अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिपली के चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनीत बिष्ट, फार्मासिस्ट ओमप्रकाश कंडवाल सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।





