
जन एक्सप्रेस/ उत्तरकाशी: भारतीय चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष पद पर दोबारा नियुक्त होने पर डॉ. जनानन्द नौटियाल का उत्तरकाशी जिला सभागार में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। आयुष हितधारकों की ओर से आयोजित इस गोष्ठी में आयुर्वेद एवं आयुष क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें सम्मानित करते हुए सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में अतिथियों ने डॉ. जनानन्द नौटियाल को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और कहा कि उनके अनुभव, नेतृत्व और कार्यशैली से आयुष एवं आयुर्वेद चिकित्सा क्षेत्र को नई दिशा और गति मिलेगी। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भारतीय चिकित्सा परिषद स्वास्थ्य सेवाओं और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के विकास में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी।
गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने मां गंगा और बाबा काशी विश्वनाथ से डॉ. नौटियाल के सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना करते हुए आयुष सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, राज्य मंत्री प्रताप पंवार, ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, डॉ. चंडी प्रसाद भट्ट, किशोर भट्ट, भाजपा महामंत्री महावीर नेगी, मीडिया प्रभारी राजेंद्र गंगाड़ी, विजयपाल मखलोगा सहित आयुष विशेषज्ञ, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।






