
जन एक्सप्रेस/ उत्तरकाशी: भटवाड़ी विकासखंड की दूरस्थ केलसु घाटी स्थित भंकोली गांव की प्रसिद्ध एवरेस्ट विजेता ममता रावत के पाणिग्रहण संस्कार के शुभ अवसर पर गायत्री परिवार उत्तरकाशी की ओर से श्रद्धापूर्वक गायत्री दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवदंपति के सुखद, मंगलमय एवं आदर्श दांपत्य जीवन की कामना करते हुए सामूहिक प्रार्थना की गई।
गायत्री परिवार ने कराया दीपयज्ञ
गायत्री परिवार की सक्रिय परिजन एवं शिक्षिका रेखा पयाल के नेतृत्व में गायत्री परिजन बहनों ने सामूहिक रूप से दीपयज्ञ संपन्न कराया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने गायत्री मंत्र की सामूहिक आहुतियां अर्पित कर नवविवाहित युगल के उज्ज्वल भविष्य और सुख-समृद्धि की कामना की।
2013 केदारनाथ आपदा में दिखाई थी अदम्य बहादुरी
ममता रावत देश की प्रसिद्ध पर्वतारोही हैं। उन्होंने माउंट एवरेस्ट फतह कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया। वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा के दौरान भी उन्होंने अपने प्राणों की परवाह किए बिना अनेक लोगों की जान बचाकर साहस, सेवा और मानवता का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया था।
संस्कारों के संवर्धन का सशक्त माध्यम है गायत्री दीपयज्ञ
गायत्री परिजन डॉ. मुरली मनोहर भट्ट ने बताया कि गायत्री दीपयज्ञ, युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा विकसित एक संक्षिप्त, प्रभावशाली एवं आध्यात्मिक यज्ञीय अनुष्ठान है। यह दीप प्रज्वलन एवं गायत्री मंत्र की सामूहिक आहुतियों के माध्यम से लगभग एक घंटे में संपन्न होता है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन, विवाह, विवाह वर्षगांठ, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक अवसरों पर यह यज्ञ श्रद्धा, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का प्रभावी माध्यम है।
बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे उपस्थित
समारोह में भूमि देवी रावत, भगवत रावत, अजीत रावत, समर रावत, बीना चौहान (आरसीएम लीडर), ललिता पैन्यूली (भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष), तनुजा बिष्ट, पुष्पा, प्रभाव पवार, डॉ. साधना जोशी, बीना मराठा, रजवंती, माला गोसाई तथा मनमोहिनी गोसाई सहित रावत परिवार के अनेक सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आध्यात्मिक माहौल में मिला नवदंपति को आशीर्वाद
पूरे समारोह का वातावरण आध्यात्मिकता, भारतीय संस्कृति और पारिवारिक संस्कारों से ओतप्रोत रहा। उपस्थित सभी लोगों ने नवविवाहित युगल को शुभाशीष देते हुए उनके सुखमय, समृद्ध और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।






