उत्तर प्रदेशउत्तरकाशीराज्य खबरें

उत्तरकाशी: अस्पताल मार्ग पर अवैध पार्किंग से जाम, एम्बुलेंस की आवाजाही प्रभावित

जन एक्सप्रेस/ उत्तरकाशी: जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी को जाने वाला विश्वनाथ चौक से अस्पताल मार्ग इन दिनों अवैध पार्किंग और जाम की समस्या से जूझ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर दोनों ओर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण कई बार एम्बुलेंस तक जाम में फंस जाती हैं, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिलने में देरी होने का खतरा बना रहता है।

यह मार्ग जिला चिकित्सालय के साथ-साथ निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर सेंटर तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी, मरीज और एम्बुलेंस प्रतिदिन इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। लेकिन सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के कारण मार्ग संकरा हो जाता है और यातायात प्रभावित होता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आपातकालीन स्थिति में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में यदि एम्बुलेंस जाम में फंस जाए तो मरीज की जान पर भी बन सकती है। लोगों ने प्रशासन से अस्पताल मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त कराने की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले तत्कालीन विधायक स्वर्गीय गोपाल रावत और नगरपालिका बाड़ाहाट के प्रयासों से इसी मार्ग पर सड़क किनारे वर्षों पुराने अस्थायी खोकों को हटाया गया था, ताकि अस्पताल तक आने-जाने का रास्ता बाधामुक्त बनाया जा सके। उनका कहना है कि वर्तमान में खोकों की जगह अवैध पार्किंग ने ले ली है और समस्या फिर से गंभीर होती जा रही है।

लोगों का कहना है कि भविष्य में क्रिटिकल केयर सेंटर शुरू होने के बाद इस मार्ग पर एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही और बढ़ेगी। ऐसे में यदि समय रहते ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आपातकालीन सेवाओं पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अस्पताल मार्ग पर नियमित यातायात प्रबंधन, अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान और आपातकालीन वाहनों के लिए निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button