utrakhandउत्तराखंडऋषिकेशनई टिहरी

नई टिहरी में ‘सेवा पखवाड़ा’ का शुभारंभ, प्रभारी मंत्री गणेश जोशी बोले- जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :-  उत्तराखंड सरकार के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” सेवा पखवाड़ा के तहत शनिवार को नई टिहरी के बौराड़ी नगर पालिका सभागार में कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा की भावना को आम जनता तक पहुंचाना है।

यूसीसी और सिलक्यारा रेस्क्यू का किया उल्लेख

गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय लिया है। उन्होंने सिलक्यारा सुरंग हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धामी स्वयं मौके पर डटे रहे और सभी श्रमिकों का सुरक्षित रेस्क्यू सुनिश्चित कराया, जो सरकार की जवाबदेही का बड़ा उदाहरण है।

टिहरी में तेज हुई विकास की रफ्तार

प्रभारी मंत्री ने कहा कि पिछले पाँच वर्षों में टिहरी जनपद ने विकास की नई गति प्राप्त की है। निर्धारित लक्ष्य से अधिक 437.59 किलोमीटर सड़कों को गड्ढा मुक्त किया गया है। साथ ही टिहरी झील रिंग रोड सहित विभिन्न सड़कों के डामरीकरण और मरम्मत कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

महिला सशक्तिकरण पर सरकार का विशेष फोकस

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 5 करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने के संकल्प और मुख्यमंत्री धामी के 5 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य के तहत प्रदेश में लगभग 3 लाख महिलाएं इस श्रेणी में शामिल हो चुकी हैं। वहीं टिहरी जनपद में करीब 23 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

सैनिकों के सम्मान के लिए बड़े फैसले

उत्तराखंड को सैनिक बहुल प्रदेश बताते हुए गणेश जोशी ने कहा कि सरकार ने शहीद सैनिकों के आश्रितों के लिए अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी है। इसके साथ ही शहीद परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और शहीदों के नाम पर विद्यालय एवं सरकारी संस्थानों का नामकरण करने का निर्णय भी लिया गया है। उन्होंने बताया कि सैन्य धाम निर्माण के लिए प्रदेश के 1,734 घरों से पवित्र मिट्टी एकत्रित की गई है।

लाभार्थियों को वितरित किए गए चेक और किट

कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को चेक वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग के लाभार्थियों को सहायक उपकरण और महिला एवं बाल विकास विभाग की पात्र महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा विकास आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन तथा ‘संकल्प से सिद्धि तक’ पुस्तक का विमोचन भी हुआ।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्राथमिक विद्यालय ढुंगीघार के विद्यार्थियों ने योग प्रदर्शन किया, जबकि श्रीदेव सुमन सांस्कृतिक दल ने लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता, स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button