utrakhandउत्तरकाशीउत्तराखंडऋषिकेश

उत्तरकाशी सड़क के अभाव में 4 किमी पीठ पर ढोकर लाई गई घायल महिला

जन  एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :-  सरकार के विकास के दावों के बीच उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड की ग्राम पंचायत पोखरी से एक बार फिर पहाड़ की जमीनी हकीकत सामने आई है। सड़क सुविधा के अभाव में घायल महिला को ग्रामीणों ने करीब चार किलोमीटर तक पीठ पर उठाकर मोटर मार्ग तक पहुंचाया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को गांव की एक महिला के पैर में गंभीर चोट लगने से फ्रैक्चर हो गया। गांव तक सड़क न होने के कारण ग्रामीणों के सामने कोई दूसरा विकल्प नहीं था। मजबूरन उन्होंने महिला को पीठ पर लादकर कठिन पहाड़ी रास्तों से मोटर मार्ग तक पहुंचाया।

ग्राम प्रधान रुचि रावत ने बताया कि ग्रामीण वर्षों से गांव तक सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सड़क की मांग को लेकर ग्रामीण पहले भी लोकसभा चुनाव का बहिष्कार कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने हाल ही में उपजिलाधिकारी पुरोला को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि पोखरी गांव तक सड़क निर्माण नहीं हुआ तो वे आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव का भी बहिष्कार करेंगे।

ग्रामीण सुनील ने कहा कि पहाड़ में सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि जीवन बचाने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। यदि गांव तक सड़क होती तो घायल महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकता था। उन्होंने सरकार से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की।

वहीं पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता शुभाष कुमार ने बताया कि पोखरी गांव तक सड़क निर्माण के लिए सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है और आगे की प्रक्रिया जारी है।

फोटो कैप्शन: सड़क के अभाव में पोखरी गांव के ग्रामीण घायल महिला को पीठ पर उठाकर मोटर मार्ग तक लाते हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button