
जन एक्सप्रेस /हरिद्वार :- अखिल विश्व गायत्री परिवार के मुख्यालय शांतिकुंज से संचालित डिवाइन इंडिया यूथ एसोसिएशन (दिया) द्वारा आयोजित पर्सनालिटी डेवलपमेंट कोर्स (पीडीसी) का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में यूपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन सत्र में निर्माण आईएएस के निदेशक कमलदेव ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए अनुशासन, प्रभावी अभिव्यक्ति, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि दिया दिल्ली और अखिल विश्व गायत्री परिवार का यह प्रयास युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
योगाचार्य डॉ. सुधाकांत मिश्रा ने ध्यान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित ध्यान मानसिक शांति, एकाग्रता और आत्मिक शक्ति बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से दैनिक जीवन में ध्यान और योग को अपनाने का आह्वान किया।
दिया दिल्ली के मुख्य संयोजक मनीष कुमार सिंह ने युवाओं को अनुशासन, सकारात्मक सोच, प्रभावी संवाद कौशल और निरंतर आत्मविकास को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।
वहीं यूपीएससी में चयनित और वर्तमान में इंडियन ट्रेड सर्विस में कार्यरत संदीप कुमार राजौरिया ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, सफलता की रणनीति तथा असफलताओं से सीख लेकर दोबारा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के व्यावहारिक अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में विनय कुमार पाण्डेय ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करने में बेहद उपयोगी साबित हुआ। समापन अवसर पर अतिथियों को युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य कृत युग साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विनय रामाकृष्ण, ओंकार शर्मा, दीपक तिवारी, ललन सिंह, सूर्यभान, सुंदरम झा, आदर्श एवं अपूर्व सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।






