
जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तरकाशी जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में 15 जुलाई 2026 को उप-प्रधान पद के लिए चुनाव कराए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने इसकी आधिकारिक सूचना जारी करते हुए चुनाव की पूरी समय-सारिणी घोषित की है।
चुनाव कार्यक्रम
- नामांकन दाखिल: सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक
- नामांकन पत्रों की जांच: सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
- नाम वापसी: दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक
- चुनाव चिन्ह आवंटन: दोपहर 12:30 बजे से 1:00 बजे तक
- मतदान: दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक
- मतगणना: शाम 4:00 बजे से कार्य समाप्ति तक
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव संबंधी सभी प्रक्रियाएं संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर संपन्न होंगी। जहां पंचायत भवन उपलब्ध नहीं होगा, वहां विद्यालय भवन या किसी अन्य सार्वजनिक स्थान पर बैठक आयोजित की जाएगी। धार्मिक स्थलों या किसी निजी आवास में चुनाव प्रक्रिया आयोजित नहीं की जाएगी।
केवल निर्वाचित सदस्य करेंगे मतदान
उप-प्रधान का चुनाव ग्राम पंचायत के निर्वाचित सदस्य अपने बीच से करेंगे। निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि ग्राम प्रधान को उप-प्रधान के चुनाव में मतदान का अधिकार नहीं होगा।
नामांकन पत्र कहां मिलेंगे
नामांकन पत्र 8 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालय पर सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक उपलब्ध रहेंगे। वहीं 15 जुलाई को सुबह 8:00 बजे से 9:30 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायत में भी नामांकन पत्र प्राप्त किए जा सकेंगे।
प्रशासन ने की भागीदारी की अपील
जिला प्रशासन ने बताया कि खंड विकास अधिकारी द्वारा चुनाव की मुनादी कराई जाएगी तथा इसकी सूचना समाचार पत्रों और ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत, तहसील एवं जिलाधिकारी कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर भी प्रदर्शित की जाएगी। प्रशासन ने सभी ग्राम पंचायत सदस्यों से निर्धारित समय पर पहुंचकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।






