उत्तर प्रदेशकौशांबीराज्य खबरें

कौशांबी में वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान 2026: 39.81 लाख पौधारोपण का लक्ष्य

जन एक्सप्रेस / कौशांबी: जिले में वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान 2026 के तहत रविवार को विकासखंड मूरतगंज के बरई सुलेम स्थित कपि वन में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल माली तथा प्रयागराज मंडलायुक्त एवं जनपद की नोडल अधिकारी सौम्या अग्रवाल ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर अतिथियों ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और स्कूली बच्चों को पौधे वितरित किए तथा अधिक से अधिक पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण देने का संकल्प है।

मुख्य अतिथियों ने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी निभाने की अपील भी की।

कौशांबी में 39,81,200 पौधारोपण का लक्ष्य

जनपद कौशांबी में 12 जुलाई 2026 को कुल 39,81,200 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभिन्न विभागों को लक्ष्य इस प्रकार आवंटित किया गया है—

  • वन विभाग – 24,00,000
  • ग्राम विकास विभाग – 7,73,600
  • कृषि विभाग – 2,44,000
  • उद्यान विभाग – 1,11,000
  • पर्यावरण विभाग – 99,000
  • पंचायती राज विभाग – 91,000
  • राजस्व विभाग – 74,000
  • नगर विकास विभाग – 23,200
  • पशुपालन एवं स्वास्थ्य विभाग – 19-19 हजार
  • उच्च शिक्षा विभाग – 18,300
  • सिंचाई एवं जल संसाधन तथा रेलवे – 15-15 हजार
  • लोक निर्माण विभाग – 14,100
  • उद्योग विभाग – 11,300
  • बेसिक शिक्षा एवं गृह विभाग – 9-9 हजार
  • माध्यमिक शिक्षा विभाग – 8,700
  • नमामि गंगे – 7,300
  • प्राविधिक शिक्षा विभाग – 5,000
  • सहकारिता एवं ऊर्जा विभाग – 4,900-4,900
  • श्रम विभाग – 2,800
  • परिवहन विभाग – 2,100

कार्यक्रम में रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, चायल विधायक पूजा पाल, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button