हरदोई में मामा के अंतिम संस्कार में आया युवक गंगा में डूबा, तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी

जन एक्सप्रेस /हरदोई :- अरवल थाना क्षेत्र के कुसुमखोर गंगा घाट पर शुक्रवार को एक युवक गंगा नदी में नहाते समय डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका था।
मामा के अंतिम संस्कार में आया था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के शीशम बाग गांव निवासी लगभग 25 वर्षीय सुमित राजपूत अपने मामा राम आसरे, निवासी नांदखेड़ा, थाना हरपालपुर (हरदोई) के अंतिम संस्कार में शामिल होने कुसुमखोर गंगा घाट आया था। परिजनों के अनुसार, बीमारी के कारण उनके मामा का निधन हुआ था।
नहाते समय गहरे पानी में डूबा
परिजनों का कहना है कि अंतिम संस्कार के बाद सुमित गंगा नदी में नहाने गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
परिवार के साथ आए बबलू, लाखन, रामकुमार और चेतराम उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। परिजनों का दावा है कि उन्होंने सुमित को पकड़ भी लिया था, लेकिन वह उनके हाथ से छूटकर तेज बहाव में बह गया।
नोट: परिजनों का यह भी दावा है कि घटना के समय सुमित शराब के नशे में था। इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस और गोताखोरों ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही अरवल थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह और अग्निशमन अधिकारी गौतम चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की सहायता से युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल पाया था।
परिवार में पसरा मातम
परिजनों के अनुसार, सुमित चार भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर पर था। वह अविवाहित था और पेशे से पेंटर (पुताई का कार्य) करता था। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






