टिहरी में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, 16 मोटर मार्ग बाधित; भूस्खलन से कई सड़कें बंद

संवाददाता :- जोत सिंह
जन एक्सप्रेस/नई टिहरी :- जनपद टिहरी में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। भूस्खलन, मलबा और बोल्डर आने के कारण जिले के कई मोटर मार्ग बाधित हो गए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संबंधित विभाग मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के लिए राहत एवं बहाली कार्य में जुटे हुए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार गुरुवार सुबह 8:20 बजे तक पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 29.67 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक नरेंद्रनगर में 56 मिमी, कीर्तिनगर में 35 मिमी, घनसाली में 25 मिमी, धनोल्टी में 24 मिमी, टिहरी में 23 मिमी तथा देवप्रयाग में 15 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
भारी बारिश के चलते लोक निर्माण विभाग (PWD) के अंतर्गत 10 सड़कें प्रभावित हुईं। इनमें तीन राज्य मार्ग, एक मुख्य जिला मार्ग और छह ग्रामीण मोटर मार्ग शामिल हैं। इनमें से पांच मार्गों पर यातायात बहाल कर दिया गया, जबकि एक मुख्य जिला मार्ग और चार ग्रामीण सड़कें देर शाम तक बंद रहीं।
वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत 13 ग्रामीण मोटर मार्ग बाधित हुए। इनमें से केवल दो मार्गों पर यातायात बहाल हो सका, जबकि 11 सड़कें देर शाम तक बंद रहीं। इन मार्गों को खोलने के लिए मशीनें और टीमें लगातार कार्य कर रही हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि जिले में फिलहाल विद्युत और पेयजल आपूर्ति बाधित होने की कोई सूचना नहीं है। हालांकि अतिवृष्टि के कारण कंडीसौड़, कीर्तिनगर, घनसाली, टिहरी, प्रतापनगर और जाखणीधार तहसीलों में सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा विकासखंड जौनपुर में एक तथा प्रतापनगर में चार सिंचाई नहरें और गूलें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।






