UP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में कांवड़ियों के स्वागत को सजग हुआ प्रशासन, सकाहा मंदिर में परखी सुरक्षा व्यवस्था

 

जिला संवाददाता /बी जी मिश्र

जन एक्सप्रेस /हरदोई :-  सावन माह के पवित्र सोमवार को शिव संकट हरण मंदिर, सकाहा में जलाभिषेक के लिए पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह और क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार यादव ने मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

अधिकारियों ने मंदिर परिसर के साथ ही आसपास के क्षेत्र का पैदल निरीक्षण कर कांवड़ यात्रियों के संभावित आवागमन वाले मार्गों, प्रवेश और निकास व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण की स्थिति को परखा। सोमवार को बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने भीड़ बढ़ने की स्थिति में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा किसी भी तरह की अव्यवस्था न होने देने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

एएसपी मार्तंड प्रकाश सिंह ने कहा कि सावन सोमवार को मंदिर में आने वाले कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने और भीड़ के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

सीओ प्रवीण कुमार यादव ने भी मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों के निरीक्षण से कांवड़ यात्रियों और स्थानीय श्रद्धालुओं के बीच बेहतर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button