
जन एक्सप्रेस /विकासनगर :- कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शनिवार की देर रात्रि को न्यू राणा ज्वेलर्स में चोरों ने रात के अंधेरे में सेंधमारी कर लाखों रुपये के जेवरात समेत उड़ा दिए। पुलिस की रात्रि गश्त की व्यवस्था को सीधे चुनौती देते हुए बदमाशों ने दुकान को निशाना बनाया और चंद मिनटों में माल लेकर फरार हो गए। सुबह जब दुकान खुली तो जेवरात गायब देखकर व्यापारियों में जैसे भूचाल आ गया।
सूचना पाते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का मुआयना शुरू हुआ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का काम तेज कर दिया गया। पुलिस चोरों के आने-जाने का रास्ता और उनकी पहचान पता लगाने में जुट गई है।
इस वारदात ने पूरे बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालों के घेरे में डाल दिया है। व्यापारियों का कहना है कि देर रात हुई इस घटना से इलाके में असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है। वे पुलिस से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने और चोरी का माल बरामद करने की जोरदार मांग कर रहे हैं।
व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता ने साफ कहा अगर पुलिस रात को सही तरीके से गश्त करती तो यह हादसा कभी नहीं होता। उन्होंने पुलिस कप्तान से बाजार में ग्रस्त बढ़ाने की मांग की। साथ ही चोरों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाय।
वहीं बाजार चौकी इंचार्ज अर्जुन गुसाई का कहना है कि मामले की गहन जांच चल रही है और जल्द ही घटना का पूरा खुलासा कर दिया जाएगा।
रात के अंधेरे में ज्वेलरी लूटकर फरार हुए चोरों की यह वारदात अब विकास नगर के व्यापारियों की नींद उड़ाए हुए है। पुलिस के हाथ कितनी जल्दी लगते हैं, यह देखना बाकी है।






