उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

कृमि मुक्ति का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे एनसीसी कैडेट व छात्र

जागरूकता रैली निकालकर स्वच्छता का दिया संदेश, बच्चों को खिलाई गई अल्बेंडाजोल की खुराक

जिला संवाददाता – आदित्य पटवा

जन एक्सप्रेस/ महराजगंज:
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को राधा कुमारी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेटों ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को कृमि संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया। विद्यालय परिसर से निकली रैली कस्बे के मुख्य मार्ग, ठूठीबारी-नौतनवा मार्ग और झरही नदी बाईपास होते हुए पुनः कॉलेज परिसर पहुंचकर समाप्त हुई।
रैली में छात्र-छात्राओं ने हाथों में पोस्टर और जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को नियमित रूप से कृमिनाशक दवा लेने, साफ-सफाई रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों को अल्बेंडाजोल की खुराक भी खिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कृमि संक्रमण से होने वाली समस्याओं और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठूठीबारी और एसएसएएच सोशल वेलफेयर फाउंडेशन का सहयोग रहा। प्रधानाचार्य रविकांत जाटव ने कहा कि बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए समय-समय पर कृमिनाशक दवा का सेवन और व्यक्तिगत स्वच्छता बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर संतोष कुमार, रवींद्र यादव समेत विद्यालय के शिक्षक, एनसीसी कैडेट और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button