Maharajganj:डीएम-एसपी ने इटहिया मंदिर का लिया जायजा, ड्रोन से कांवड़ मार्गों की निगरानी
श्रावण के दूसरे सोमवार पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब

जिला संवाददाता – आदित्य पटवा
जन एक्सप्रेस / महराजगंज: श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को पंचमुखी धाम शिव मंदिर इटहिया में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया है। सोमवार को जिलाधिकारी महराजगंज गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने थाना ठूठीबारी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी धाम शिव मंदिर इटहिया का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सुगम आवागमन की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने तथा भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने के निर्देश दिए।
सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी किया निरीक्षण:
डीएम और एसपी ने मंदिर परिसर स्थित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली। मंदिर परिसर के साथ प्रमुख स्थानों पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ड्रोन से कांवड़ मार्गों पर पैनी नजर:
कांवड़ यात्रा से जुड़े प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। इसके जरिए भीड़ की स्थिति और यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस की देखरेख में सुगम जलाभिषेक पर जोर:
श्रावण मास को देखते हुए मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन-पूजन और जलाभिषेक कराने के लिए पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी पर मुस्तैद हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से संचालित करने का दावा किया है।






