उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

नशीली दवाओं के कारोबार में ठूठीबारी के युवक का नाम आया सामने

नशे के कारोबार में हार्डवेयर व्यापारी का कनेक्शन! तस्कर के बयान पर कारोबारी पर केस दर्ज

जिला संवाददाता – आदित्य पटवा

जन एक्सप्रेस / महराजगंज:  नशीली दवाओं की तस्करी के मामले में ठूठीबारी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बीते 30 जुलाई को नशीली दवाओं की खेप के साथ पकड़े गए युवक के बयान के आधार पर पुलिस ने कस्बा निवासी हार्डवेयर व्यापारी आशीष अग्रहरी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपी से जुड़े साक्ष्यों, मोबाइल पर हुई बातचीत और तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, 30 जुलाई को रामगढ़वा टोला नवडिहवा निवासी गोलू चौहान को ठूठीबारी-निचलौल मार्ग से गिरफ्तार किया गया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 52 ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन, 51 प्रोमेथाजीन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन, 49 डायजेपाम इंजेक्शन, 257 ग्राम नशीले कैप्सूल, एक बाइक और मोबाइल फोन बरामद हुआ था।

पूछताछ में व्यापारी का नाम, नेपाल भेजी जा रही थी खेप:
पुलिस की पूछताछ में गोलू चौहान ने बताया कि बरामद नशीली दवाएं उसे ठूठीबारी निवासी आशीष अग्रहरी ने उपलब्ध कराई थीं। उसके अनुसार वह कई महीनों से आशीष के कहने पर नशीली दवाओं की खेप नेपाल पहुंचाता था। दोनों के बीच व्हाट्सएप के माध्यम से बातचीत होती थी। 30 जुलाई को भी बातचीत के बाद उसे दवाओं की खेप दी गई थी, जिसे वह नेपाल के परासी चौराहे पर किसी व्यक्ति को देने जा रहा था। हालांकि, गोलू ने उस व्यक्ति का नाम-पता नहीं जानने की बात पुलिस को बताई।

2024 में भी दुकान से बरामद हुई थी नशीली दवा की खेप;
बीते 14 फरवरी 2024 को एसएसबी की इंटेलिजेंस की सूचना पर ठूठीबारी कस्बे में स्थित एक हार्डवेयर की दुकान पर संयुक्त टीम ने छापेमारी की थी। निचलौल तहसीलदार राजेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस, एसएसबी, आबकारी और ड्रग्स विभाग की टीम ने दुकान की दूसरी मंजिल से नशीली दवाएं और नकदी बरामद की थी। कार्रवाई के दौरान आशीष अग्रहरी और परसामलिक थाना क्षेत्र के कोहरगड्डी निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया गया था। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।
प्रभारी कोतवाल अमित कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button