घाटमपुर CHC से बच्चा चोरी मामले में SDO गिरफ्तार सहायक नर्स को 5 लाख देकर रची थी साजिश, पुलिस ने किया अरेस्ट

जन एक्सप्रेस, कानपुर :- घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बच्चा चोरी के मामले में पुलिस ने बिजली विभाग के SDO को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी SDO ने बेटे की चाहत में एक एएनएम को पांच लाख रुपये देने का लालच देकर बच्चा चोरी करने की साजिश रची थी। बच्चा चोरी करते समय एएनएम को अस्पताल के कर्मचारियों ने पकड़ लिया था। पूछताछ और विवेचना jमें SDO का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मानव तस्करी और अपहरण की साजिश रचने का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, मौदहा कस्बे के बिजली सब स्टेशन में करीब छह माह से तैनात SDO आरके वर्मा मूलरूप से घाटमपुर थाना क्षेत्र के सूखापुर गांव का रहने वाला है। उसके दो बेटियां हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को बेटे की चाहत थी। इसी के चलते उसने बांदा जिले के बबेरू थाना क्षेत्र के अनुवान गांव निवासी और देवीपुर में तैनात एएनएम गीता को पांच लाख रुपये देने का लालच देकर बच्चा चोरी करने के लिए तैयार किया था। बताया जा रहा हैं की 11 मई 2026 की रात एएनएम गीता घाटमपुर CHC पहुंची। आरोप है कि उसने अस्पताल से एक बच्चा चोरी कर लिया और उसे लेकर जाने लगी। तभी अस्पताल के कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एएनएम को गिरफ्तार कर लिया था। उसके खिलाफ मानव तस्करी और अपहरण का मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया था। पुलिस की विवेचना और एएनएम से पूछताछ में बिजली विभाग के SDO आरके वर्मा का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी SDO को आज यानि 11 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे भी जेल भेज दिया गया।
एसीपी बोले- बेटे की चाहत में कराया था बच्चा चोरी।
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि पूछताछ में SDO ने बेटे की चाहत में एएनएम को पांच लाख रुपये देकर बच्चा चोरी कराने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने न्यायालय में पेशकर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच की जा रही है।






