उत्तरकाशीउत्तराखंड

जनपद के सभी प्रसव केंद्र होंगे सुदृढ़, CMO ने यमुना घाटी के अस्पतालों का किया औचक निरीक्षण

जिला संवाददाता – सीपी बहुगुणा

जन एक्सप्रेस /  उत्तरकाशी: जनपद में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए सभी प्रसव केंद्रों को चरणबद्ध तरीके से सुदृढ़ किया जाएगा। नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने इस दिशा में मंगलवार से यमुना घाटी के अस्पतालों का दो दिवसीय औचक निरीक्षण शुरू किया।

सीएमओ ने सीएचसी बड़कोट, सीएचसी नौगांव, उपजिला चिकित्सालय पुरोला और सीएचसी मोरी का निरीक्षण कर ओपीडी, आकस्मिक कक्ष, वार्ड, पैथोलॉजी लैब और विभिन्न अभिलेखों की जांच की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और उन्हें मिल रही सुविधाओं का फीडबैक भी लिया।

निरीक्षण के दौरान सीएचसी मोरी के जर्जर भवनों की मरम्मत और नए भवन निर्माण के साथ ही पुरोला उपजिला अस्पताल में निर्माणाधीन भवन के कार्य में तेजी लाने के निर्देश कार्यदायी संस्थाओं को दिए गए।

सीएमओ ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पर्याप्त मानव संसाधन बेहद जरूरी है। इसके लिए अस्पतालों में आउटसोर्स के माध्यम से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की शीघ्र नियुक्ति की जाएगी।

उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सकों को अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्टाफ की समयबद्ध उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही प्रसव सेवाओं में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और स्वास्थ्य कर्मियों को उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण देने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान एसीएमओ यमुना घाटी डॉ. आर.सी. आर्य, एसीएमओ डॉ. बी.एस. पांगती, डॉ. मुकेश राय सहित यमुना घाटी के चिकित्सा अधीक्षक और प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।

सीएमओ ने ब्लॉक मोरी में आयोजित बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया और आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button