
जिला संवाददाता – सीपी बहुगुणा
जन एक्सप्रेस / उत्तरकाशी: ग्रामसभा भल्डगांव में पुनर्वास एवं विस्थापन की मांग को लेकर समाजसेवी गोपीनाथ सिंह रावत के नेतृत्व में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलन को समर्थन देने के लिए चिन्यालीसौड़ ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख रणवीर सिंह महंत धरना स्थल पर पहुंचे।
ब्लॉक प्रमुख रणवीर सिंह महंत ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनकी मांगों के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने अपने स्तर से टिहरी जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता करने का प्रयास किया। इसके साथ ही टिहरी के अपर जिलाधिकारी (ADM) से भी बातचीत की।
अधिकारियों की ओर से आश्वासन दिया गया कि भल्डगांव की समस्याओं और मांगों से संबंधित विषय को लिखित रूप में भेजा जाए, ताकि आगे आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
समाजसेवी गोपीनाथ सिंह रावत ने कहा कि भल्डगांव के ग्रामीण लंबे समय से पुनर्वास एवं विस्थापन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि मांगों के समाधान के लिए ठोस और समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है।
उन्होंने सरकार, जिला प्रशासन और THDC से मामले में समय रहते गंभीरता से हस्तक्षेप करने की मांग की, ताकि भल्डगांव के ग्रामीणों को उनके अधिकार और उचित समाधान मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरने में कमलू लाल, लल्लू लाल, वीरू लाल, सबल लाल, जूरी देवी, कुशला देवी, सुरमा देवी, बैसाखी देवी, सरोजनी देवी, डबली देवी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।






