
जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- महाविद्यालय परिसर की स्वच्छता, सुंदरता एवं दीवारों को सुरक्षित रखने की दिशा में ॐ छात्र संगठन ने एक नई पहल शुरू की है। संगठन के छात्र सेवकों एवं सदस्यों ने महाविद्यालय की उन दीवारों पर पोस्टर-बैनर चस्पा न किए जाने की मांग को लेकर प्राचार्य महोदय को ज्ञापन सौंपा, जिन पर पेंटिंग एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया है।
संगठन का कहना है कि महाविद्यालय की दीवारों पर कराई गई सुंदर पेंटिंग को कुछ ही समय बाद पोस्टर, बैनर एवं प्रचार सामग्री से ढक दिया जाता है। इससे न केवल पेंटिंग खराब होती है, बल्कि महाविद्यालय की दीवारों की सुंदरता एवं स्वच्छता भी प्रभावित होती है। इसी समस्या को देखते हुए ॐ छात्र संगठन ने पहल करते हुए पेंटिंगयुक्त दीवारों को पोस्टर एवं बैनर से मुक्त रखने की मांग उठाई है।
ज्ञापन में संगठन ने मांग की कि पेंटिंग एवं सौंदर्यीकरण वाली दीवारों पर पोस्टर-बैनर चस्पा करने पर रोक लगाई जाए तथा इसके लिए महाविद्यालय स्तर से स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं।
इसके साथ ही संगठन ने नवीन शैक्षणिक सत्र के दृष्टिगत महाविद्यालय के दोनों परिसरों के मुख्य द्वारों पर रंग-रोगन कराने की मांग भी रखी।
ॐ छात्र संगठन ने कहा कि “महाविद्यालय की सुंदरता केवल पेंटिंग कराने से नहीं, बल्कि उसे सुरक्षित रखने से भी बनी रहती है।” संगठन ने स्पष्ट किया कि छात्रहित और महाविद्यालय के स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण के लिए वह शालीनता के साथ लगातार अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा।
संगठन की ओर से यह भी कहा गया कि छात्र सेवा केवल फोटो खिंचवाने और वीडियो बनाने तक सीमित नहीं है। काम करने के लिए कैमरे की नहीं, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच की आवश्यकता होती है।
ज्ञापन देने वालों में अमित शाह, आयुष पंवार, संजीता राणा, संध्या नेगी, मनीष पुन एवं ऋषभ शाह शामिल रहे। साथ में इनके अतिरिक्त छात्रसंघ अध्यक्ष विनय मोहन चौहान,सचिव शुभम् चमोली, विश्विद्यालय प्रतिनिधि आयुष बिष्ट मौजूद रहे






