उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

गंगा में छोड़ा 2.02 लाख क्यूसेक पानी,राजघाट में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 9 सेंटीमीटर नीचे

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस / हरदोई:  हरिद्वार और नरौरा से गंगा नदी में कुल 2,02,903 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद नदी के जलस्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है। हरिद्वार से 94,102 क्यूसेक और नरौरा से 1,08,801 क्यूसेक पानी गंगा में छोड़ा गया है। 16 अगस्त 2026 को सुबह 8 बजे की रिपोर्ट के अनुसार राजघाट, हरदोई में गंगा का वर्तमान जलस्तर 125.720 मीटर दर्ज किया गया है। यह 125.310 मीटर के चेतावनी बिंदु से 41 सेंटीमीटर ऊपर, जबकि 125.810 मीटर के खतरे के निशान से महज 9 सेंटीमीटर नीचे है।

रिपोर्ट के अनुसार राजघाट पर गंगा का अधिकतम दर्ज जलस्तर 126.490 मीटर है। वर्तमान जलस्तर 125.720 मीटर के मुकाबले चेतावनी बिंदु और खतरे के निशान के बीच का अंतर बेहद कम रह गया है। ऐसे में गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी होने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है।

पांचाल घाट पर भी चेतावनी बिंदु से ऊपर पानी

फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर गंगा का वर्तमान जलस्तर 136.900 मीटर दर्ज किया गया है। यहां चेतावनी बिंदु 136.600 मीटर और खतरे का स्तर 137.100 मीटर है। इस तरह वर्तमान जलस्तर चेतावनी बिंदु से 30 सेंटीमीटर ऊपर, लेकिन खतरे के निशान से 20 सेंटीमीटर नीचे है। यहां अधिकतम दर्ज जलस्तर 137.600 मीटर है।

कन्नौज के मेहंदीघाट में गंगा का वर्तमान जलस्तर 124.930 मीटर दर्ज हुआ है। यहां चेतावनी बिंदु 124.470 मीटर तथा खतरे का स्तर 125.970 मीटर है। वर्तमान जलस्तर चेतावनी बिंदु से 46 सेंटीमीटर ऊपर, जबकि खतरे के निशान से 1.04 मीटर नीचे है। मेहंदीघाट का अधिकतम दर्ज जलस्तर 126.240 मीटर है।

रामगंगा में भी अलग-अलग स्थानों पर स्थिति

रामगंगा नदी के शहजहांपुर स्थित चौबारी घाट पर वर्तमान जलस्तर 158.860 मीटर दर्ज किया गया है। यहां चेतावनी बिंदु 162.570 मीटर और खतरे का स्तर 163.070 मीटर है। यानी वर्तमान जलस्तर चेतावनी बिंदु से 3.71 मीटर नीचे है।

डबरी घाट, शाहजहांपुर में रामगंगा का वर्तमान जलस्तर 134.630 मीटर है, जबकि चेतावनी बिंदु 136.800 मीटर और खतरे का स्तर 137.300 मीटर है। वहीं हुल्लापुर में वर्तमान जलस्तर 134.000 मीटर दर्ज हुआ है। यहां चेतावनी बिंदु 136.600 मीटर और खतरे का स्तर 137.100 मीटर है।

गर्रा नदी में भी दर्ज हुआ जलस्तर

गर्रा नदी के मुमाक्ष आश्रम, शाहजहांपुर में वर्तमान जलस्तर 143.950 मीटर दर्ज किया गया है। यहां चेतावनी बिंदु 148.000 मीटर तथा खतरे का स्तर 148.800 मीटर है। केंद्रीय जल आयोग (CWC) साइट पर सांडी गर्रा नदी का वर्तमान जलस्तर 127.640 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि चेतावनी बिंदु 129.150 मीटर और खतरे का स्तर 129.650 मीटर है। हरदोई में 16 मिलीमीटर वर्षा दर्ज होने की जानकारी है। साथ ही पीलीभीत के ड्यूनी डैम से गर्रा नदी में 3,664 क्यूसेक पानी छोड़े जाने का उल्लेख है। नदियों के जलस्तर और विभिन्न बैराजों एवं बांधों से छोड़े जा रहे पानी की स्थिति पर संबंधित विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। खासकर राजघाट में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से केवल 9 सेंटीमीटर नीचे होने के कारण नदी किनारे के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता जरूरी है।

बैराज व बांधो से गंगा नदी में लगातार छोड़े जा रहे पानी से गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।हालांकि गंगा नदी खतरे के निशान के बेहद करीब है।तथा गंगा नदी की तटवर्ती कृषि भूमि में भी पानी पहुंचने लगा है।तटवर्ती गांवो के लोग बाढ़ की आशंका के मद्देनजर चिंतित दिखाई दे रहे हैं।

गंगा नदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर के मद्देनजर सीओ प्रवीण कुमार यादव बोले

“ क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से अरवल थाना पुलिस को पूरी तरह अलर्ट कर दिया गया है। घाटों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी व्यक्ति को गंगा की मुख्य धारा में जाने न दिया जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की जाएगी तथा नदी के तटवर्ती गांवो के लोगों को भी सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button