उत्तरकाशीउत्तराखंड

उत्तरकाशी में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया, शहीदों को नमन और विकास का संकल्प

जिला संवाददाता – सीपी बहुगुणा

जन एक्सप्रेस / उत्तरकाशी: जनपद उत्तरकाशी में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह की शुरुआत प्रभातफेरी के साथ हुई। सुबह 9 बजे जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और गैर सरकारी भवनों पर तिरंगा फहराया गया। गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम देश के विकास में ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपना योगदान दें। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने स्वतंत्रता दिवस को एकजुटता, राष्ट्रप्रेम और नए संकल्प का प्रतीक बताया।

समारोह के दौरान गोस्वामी गणेशदत्त विद्या मंदिर, ऋषिराम शिक्षण संस्थान और एमडीएस उत्तरकाशी के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं लोकसंस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। अनुराग नौटियाल और सीओ जनक पंवार के देशभक्ति गीतों ने समारोह में मौजूद लोगों में जोश भर दिया।

कार्यक्रम में डिजिटल युवा महोत्सव और फिट उत्तराखंड ऐप के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री राहत कोष के तीन लाभार्थियों को चेक प्रदान किए गए। वहीं, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान में विशेष योगदान के लिए अमीषा को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, राजदीप परमार, अष्टदास पुराण समिति के संयोजक प्रेम सिंह पंवार, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए जनपद के विकास, एकता और समृद्धि के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button