अस्पताल से ‘बेहतर इलाज’ के बहाने पत्नी को ले गया पति, जंगल में गला दबाकर हत्या

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात में घायल पत्नी को अस्पताल से ‘बेहतर इलाज’ कराने के बहाने ले जाकर जंगल में हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पहले लालपालपुर चौराहे पर पत्नी को बेरहमी से पीटा और देर रात अपने भाई के साथ उसे अस्पताल से मंगोलापुर के जंगल में ले गया। वहां महिला पर हमला करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है, जबकि शरीर पर 14 गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस ने आरोपी पति सत्यपाल यादव और उसके भाई सत्यप्रकाश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतका 36 वर्षीय कोमल लखनऊ के नाका कोतवाली क्षेत्र के बिरहाना की रहने वाली थी। करीब 17 वर्ष पहले उसकी शादी हरदोई देहात कोतवाली क्षेत्र के कनेहटा गांव निवासी सत्यपाल से हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं। परिजनों और पुलिस के मुताबिक, पिछले कुछ समय से दंपती के बीच संबंध ठीक नहीं चल रहे थे। आरोप है कि सत्यपाल के अपने बड़े भाई की साली से संबंध थे और वह उसे घर में रखने लगा था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता गया। परेशान होकर कोमल अपने सबसे छोटे बच्चे के साथ संडीला चली गई थी और वहां प्लाईवुड फैक्टरी में काम करती थी। वह अन्य बच्चों से मिलने कभी-कभी कनेहटा आती थी।
बेटे के बुलाने पर चौराहे पहुंची थी कोमल
बृहस्पतिवार शाम कोमल अपने बड़े बेटे के बुलाने पर लालपालपुर चौराहे पहुंची थी। बेटे ने उसे कपड़े खरीदवाने के लिए बुलाया था। इसी दौरान वहां उसका पति सत्यपाल भी मिल गया। दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि सत्यपाल ने कोमल को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। चौराहे पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया और इलाज के लिए सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया।
‘बेहतर इलाज’ के बहाने अस्पताल से ले गया
अस्पताल में कोमल का इलाज चल रहा था। देर रात सत्यपाल अपने भाई सत्यप्रकाश के साथ अस्पताल पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने बेहतर इलाज कराने की बात कहकर कोमल को अपने साथ ले लिया। इसके बाद अस्पताल ले जाने के बजाय उसे मंगोलापुर के जंगल में ले जाया गया। आरोप है कि सुनसान स्थान पर महिला पर धारदार या भारी वस्तु से हमला किया गया। पोस्टमार्टम में उसके शरीर पर 14 चोटों के निशान मिले। इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। शव को जंगल की झाड़ियों में छोड़कर दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए।
चौकीदार की सूचना पर खुला राज
शनिवार सुबह मंगोलापुर के जंगल से गुजर रहे चौकीदार की नजर झाड़ियों में पड़े महिला के शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर अजीत चौहान, देहात कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मृतका की पहचान कोमल के रूप में की। पुलिस ने अस्पताल के रिकॉर्ड और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ते हुए जांच आगे बढ़ाई, जिसमें पति और उसके भाई की भूमिका सामने आई।
पुलिस ने सत्यपाल और सत्यप्रकाश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या की वजह, वारदात में दोनों की भूमिका, इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि और शरीर पर मिले 14 चोटों के निशान वारदात की भयावहता को उजागर कर रहे हैं।






