
जिला संवाददाता – सीपी बहुगुणा
जन एक्सप्रेस / उत्तरकाशी: श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणामों में सामने आ रही गंभीर त्रुटियों के खिलाफ बुधवार को छात्रों का आक्रोश खुलकर सामने आया। ॐ छात्र संगठन उत्तरकाशी के नेतृत्व में महाविद्यालय परिसर में सैकड़ों छात्र-छात्राएं एकत्रित हुए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन एवं नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति का पुतला फूंका और परीक्षा परिणामों में लगातार सामने आ रही Back, RL (Result Later) एवं Absent की त्रुटियों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
छात्रों का कहना है कि कई विद्यार्थियों द्वारा परीक्षा देने के बावजूद उनके परिणाम में Absent, RL अथवा Back दर्शाया गया है। वहीं तकनीकी खामियों के कारण कुछ विद्यार्थियों के अंक एवं परिणाम Samarth Portal पर भी दिखाई नहीं दे रहे हैं। ऐसी त्रुटियों के चलते विद्यार्थियों के भविष्य और आगे की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
इससे पूर्व छात्रों की ओर से विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कुलसचिव को ज्ञापन भेजकर मांग की गई कि सभी प्रभावित विद्यार्थियों के परिणामों की दोबारा जांच कराई जाए। जिन विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है, उनके परीक्षा रिकॉर्ड एवं उत्तर पुस्तिकाओं का सत्यापन कर सही अंक परिणाम में जोड़े जाएं।
छात्रों ने यह भी मांग की कि Samarth Portal पर गायब परिणाम एवं अंक तत्काल अपडेट किए जाएं तथा विश्वविद्यालय अथवा तकनीकी स्तर की गलती के कारण प्रभावित विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त परीक्षा शुल्क न लिया जाए।
सुधार नहीं हुआ तो विश्वविद्यालय घेराव और तालाबंदी की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द परीक्षा परिणामों में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। छात्रों ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर का घेराव कर तालाबंदी की जाएगी और सैकड़ों छात्र विश्वविद्यालय घेराव के लिए कूच करेंगे।
छात्रों ने कहा कि परीक्षा परिणाम विद्यार्थियों के भविष्य से सीधे जुड़े हैं और परिणामों में इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान आयुष पंवार छात्र सेवक, अमित शाह छात्र सेवक, संजीता राणा, संध्या नेगी, मनीष चौहान, मनीष पुन, शुभम चमोली महासचिव, आयुष बिष्ट विश्वविद्यालय प्रतिनिधि, विनय मोहन छात्रसंघ अध्यक्ष, रितेश विश्वकर्मा, संजय कोहली, अरुण रावत एवं अंशुल आर्य सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
ॐ छात्र संगठन उत्तरकाशी ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल परिणाम दुरुस्त कर विद्यार्थियों को राहत देने की मांग की है।
परिणामों की त्रुटि सुधारो, छात्रों का भविष्य बचाओ छात्रहित सर्वोपरि।






