प्रेस परिषद सदस्य ने जौनपुर पहुंचकर पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव हत्याकांड की जांच
घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से मिले अरुण त्रिपाठी, पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों से जुटाई अहम जानकारी

जन एक्सप्रेस/जौनपुर। पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव हत्याकांड की जांच के सिलसिले में भारतीय प्रेस परिषद के सदस्य अरुण त्रिपाठी बुधवार को जौनपुर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों तथा अब तक हुई कार्रवाई के संबंध में जानकारी हासिल की।गौरतलब है कि पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की 13 मई 2024 को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पत्रकार संगठनों और पत्रकार समुदाय में रोष के साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय प्रेस परिषद ने स्वतः संज्ञान लेते हुए प्रकरण की जांच के लिए अपने सदस्य अरुण त्रिपाठी को नामित किया है।जौनपुर दौरे के दौरान अरुण त्रिपाठी ने घटनास्थल की परिस्थितियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध साक्ष्यों, घटनाक्रम और मामले से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी ली। इसके बाद पीड़ित परिवार से बातचीत कर उनकी बात सुनी और मामले में अब तक हुई पुलिस कार्रवाई तथा जांच की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ की बैठक
जांच के दौरान प्रेस परिषद सदस्य ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर हत्याकांड से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटाई। बैठक में सीओ शाहगंज, तहसीलदार शाहगंज, तहसीलदार सदर, कानूनगो, हल्का लेखपाल समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों से घटना की जांच, अब तक की कार्रवाई, उपलब्ध साक्ष्यों और प्रशासनिक स्तर पर उठाए गए कदमों की जानकारी ली गई।
अरुण त्रिपाठी ने अधिकारियों से मामले से संबंधित आवश्यक अभिलेख एवं तथ्यात्मक जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने घटनाक्रम के विभिन्न पहलुओं को समझते हुए जांच को तथ्यपरक तरीके से आगे बढ़ाने का प्रयास किया।
पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की हत्या को पत्रकारों की सुरक्षा और प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़े गंभीर मामले के रूप में देखा जा रहा है। भारतीय प्रेस परिषद के स्वतः संज्ञान लेने के बाद हुई यह जांच पत्रकार समुदाय के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
जांच पूरी होने के बाद प्रेस परिषद सदस्य अरुण त्रिपाठी घटनास्थल के निरीक्षण, पीड़ित परिवार से प्राप्त जानकारी और पुलिस-प्रशासन से मिले तथ्यों के आधार पर अपनी रिपोर्ट भारतीय प्रेस परिषद को सौंपेंगे। इसके बाद परिषद स्तर से मामले में आवश्यक कार्रवाई और संस्तुति पर निर्णय लिया जा सकता है।






