हरदोई में बरसात से सड़क पर हुए जलभराव में सपा नेताओं ने नाव चलाकर जल निकासी की व्यवस्था पर उठाए सवाल

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस / हरदोई: भारी बारिश के बाद शहर की कई सड़कें और गलियां जलमग्न हो गईं। जलभराव से लोगों को हो रही परेशानी के विरोध में समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं हरदोई नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे रामज्ञान गुप्ता ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। उन्होंने जलभराव वाली सड़कों पर नाव चलाकर नगर की बदहाल जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए।
रामज्ञान गुप्ता के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने रामदत्त चौराहे से बावन चुंगी रोड, डा. भूरा वाली गली, बैटगंज और आशा नगर गेट वाली गली में नाव चलाकर विरोध जताया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बारिश के बाद शहर की सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं। जलभराव के कारण राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सपा नेता ने आरोप लगाया कि सदर विधायक एवं भाजपा सरकार में मंत्री के आवास वाले मार्ग समेत आसपास की गलियां भी जलभराव से तालाब में तब्दील हो गई हैं। उन्होंने कहा कि जब शहर के प्रमुख मार्गों और वीआईपी क्षेत्रों का यह हाल है तो अन्य इलाकों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश के दौरान शहर में यही स्थिति पैदा होती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर पा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने जल निकासी व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने और जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत पहुंचाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव दीपू, समाजवादी व्यापार सभा के जिला महासचिव अवनीश यादव, शुभम गुप्ता, श्याम गुप्ता, अंकित सिंह, सोनू गुप्ता, राम रईस, आलोक, रंजीत समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।






