उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

गंगा में हरिद्वार और नरौरा से छोड़ा गया 2,44,572 क्यूसेक पानी, राजघाट पर खतरे के पर पहुंचा जलस्तर

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई हरिद्वार से गंगा नदी में 1,09,988 क्यूसेक तथा नरौरा से 1,34,584 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद नदियों के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है।गुरुवार की सुबह मिली बाढ़ संबंधी जारी रिपोर्ट के अनुसार जनपद में 95.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राजघाट में गंगा नदी का जलस्तर 125.800 मीटर दर्ज हुआ, जो निर्धारित खतरे के निशान 125.810 मीटर के करीब पहुंच गया है। ऐसे में नदियों के जलप्रवाह में और बढ़ोतरी होने पर संभावित बाढ़ का खतरा बढ़ने की आशंका है।

मिली जानकारी के अनुसार गंगा, रामगंगा और गर्रा नदी के विभिन्न घाटों पर जलस्तर बढ़ने की संभावना है ।गंगा नदी के पांचालघाट, फर्रुखाबाद में जलस्तर 136.900 मीटर रहा, जबकि खतरे का निशान 137.100 मीटर और चेतावनी बिंदु 136.600 मीटर है। मेहंदीघाट, कन्नौज में जलस्तर 124.930 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु 124.470 मीटर से ऊपर है। वहीं राजघाट, हरदोई में जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया है।

रामगंगा नदी के चौबारी घाट, शाहजहांपुर में जलस्तर 159.920 मीटर दर्ज हुआ, जबकि खतरे का निशान 163.070 मीटर है। केंद्रीय जल आयोग के साइट सांडी पर गर्रा नदी का जलस्तर 128.060 मीटर रहा। ड्यूनी डैम पीलीभीत से गर्रा नदी में 1,716 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

गंगा में हरिद्वार और नरौरा से छोड़े गए पानी के साथ जिले में हुई भारी बारिश के चलते नदी के जलस्तर में आने वाले समय में उतार-चढ़ाव की संभावना बनी हुई है। खासकर गंगा के राजघाट पर जलस्तर का खतरे के निशान पर पहुंचना संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। नदी किनारे बसे क्षेत्रों में लोगों को जलस्तर पर लगातार नजर रखने की जरूरत है।

नायब तहसीलदार राजेश पटेल ने बताया कि सवायजपुर तहसील क्षेत्र में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए तहसील प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। नदी किनारे बसे गांवों और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। राजस्व टीमों को क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेने और ग्रामीणों से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों से अपील है कि नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सावधानी बरतें और किसी भी तरह की सूचना या समस्या होने पर तत्काल तहसील प्रशासन को अवगत कराएं। प्रशासन की ओर से आवश्यकतानुसार सभी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।अरवल थाना क्षेत्र में नदी किनारे एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों और नदी किनारे जाने वाले लोगों से अपील की गई है कि बढ़े हुए जलस्तर के दौरान नदी की मुख्य धारा में न जाएं और बच्चों व पशुओं को नदी के किनारे न जाने दें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दें। लोगों की सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button