घरेलू विवाद में पति ने पत्नी को लाइसेंसी शस्त्र से मारी गोली,गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

जिला संवाददाता-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई: शाहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मिश्रीपुर में गुरुवार को घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी 45 वर्षीय पत्नी को लाइसेंसी शस्त्र से गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शाहाबाद पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार ग्राम मिश्रीपुर निवासी लगभग 45 वर्षीय दुर्गावती को उसके पति दुर्गाप्रसाद ने घरेलू विवाद के दौरान लाइसेंसी शस्त्र से गोली मार दी। गोली लगने से महिला घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर शाहाबाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। पुलिस घटना के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज
अपर पुलिस अधीक्षक सर्किल शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि थाना शाहाबाद पर दुर्गावती पत्नी दुर्गाप्रसाद, उम्र करीब 45 वर्ष, निवासी ग्राम मिश्रीपुर को उसके पति दुर्गाप्रसाद द्वारा घरेलू विवाद के चलते लाइसेंसी शस्त्र से गोली मारकर घायल किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल महिला को सीएचसी शाहाबाद में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। अभियुक्त दुर्गाप्रसाद की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयासरत है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।





