जंगल में चल रही कच्ची शराब की भट्टी पकड़ी, 200 लीटर शराब बरामद

जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज पुलिस ने बसगर वन विभाग बैरियर से करीब एक किलोमीटर अंदर जंगल में छापेमारी कर अवैध कच्ची शराब बनाने की भट्टी का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से करीब 200 लीटर कच्ची शराब बरामद करने के साथ ही शराब बनाने के लिए तैयार किया जा रहा करीब 800 लीटर लहन नष्ट किया।
पुलिस के अनुसार, जंगल में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाए जाने की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। झाड़ियों की आड़ से देखने पर जंगल के बीच कच्ची शराब की भट्टी जलती हुई मिली। पुलिस टीम के पहुंचने से पहले भट्टी के पास मौजूद तीन लोग जंगल की ओर फरार हो गए।मौके की तलाशी के दौरान जमीन में गड्ढा खोदकर लकड़ियों से आग जलाकर लोहे के ड्रमों में कच्ची शराब तैयार किए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने तीन रबर की ट्यूबों में करीब 200 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। इसके अलावा दो लोहे के ड्रम, दो एल्युमिनियम पाइप, दो अधजली लकड़ियां और दो प्लास्टिक की बाल्टियां भी बरामद की गईं।

पुलिस ने मौके पर तैयार किया जा रहा करीब 800 लीटर लहन नष्ट कर दिया। मामले में कोतवाली सितारगंज में आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया है।पुलिस ने फरार बताए जा रहे सोनू सिंह पुत्र गुरदीप सिंह निवासी कुशमोड़ा, गुरमीत सिंह पुत्र जोगेंद्र सिंह निवासी कुशमोड़ा तथा संजू सिंह पुत्र राम सिंह निवासी बसगर शक्तिफार्म की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।

कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, उपनिरीक्षक जगदीश तिवारी, अपर उपनिरीक्षक कमलेश मेहरा, हेड कांस्टेबल मतलूब खान, हेड कांस्टेबल नवनीत कुमार और कांस्टेबल सचिन शामिल रहे।






