Crimeutrakhandउत्तरकाशी

अधिवक्ता नवनीश नेगी को धमकी देने पर अमनदीप कौर ने जताया आक्रोश

जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :-  उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड, कोटद्वार के दीपक कुमार प्रकरण समेत विभिन्न जनहित के मामलों में पैरवी कर रहे अधिवक्ता नवनीश नेगी को धमकी दिए जाने के मामले में प्रदेश बार काउंसिल सदस्य एवं ऑल इंडिया लॉयर्स एसोसिएशन फॉर जस्टिस की सदस्य एडवोकेट अमनदीप कौर ने आक्रोश व्यक्त किया है।

प्रेस को जारी बयान में अमनदीप कौर ने कहा कि एआईएलएजे की ओर से अधिवक्ता नवनीश नेगी को धमकी दिए जाने की कड़ी निंदा की जाती है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने के साथ ही अधिवक्ता नवनीश नेगी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि नवनीश नेगी संवेदनशील और अध्ययनशील अधिवक्ता हैं तथा न्याय की लड़ाई के लिए प्रतिबद्ध हैं। ऐसे में उन्हें धमकी दिया जाना गंभीर विषय है। अमनदीप कौर के अनुसार, धमकी देने वाले ने कथित तौर पर अपनी पहचान छिपाते हुए देश से बाहर की तथा आम लोगों के लिए आसानी से पढ़ना संभव न होने वाली भाषाओं का इस्तेमाल किया है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए धमकी देने वाले की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

अमनदीप कौर ने कहा कि एआईएलएजे अधिवक्ता नवनीश नेगी के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि धमकियों के जरिए न्यायिक मामलों में पैरवी को प्रभावित करने के किसी भी प्रयास को स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने उत्तराखंड में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग भी दोहराई। उनका कहना है कि कई राज्यों में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए कानून लागू है, इसलिए उत्तराखंड में भी मौजूदा विधानसभा सत्र में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button