
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- राजकीय महाविद्यालय सिसौना के छात्र संघ चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के दौरान चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को एनएसयूआई प्रत्याशियों ने नामांकन से पहले रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया।एनएसयूआई के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी चंदन सिंह, उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी गुरजिंदर सिंह और सचिव पद की प्रत्याशी कुमकुम बाईन के नेतृत्व में कृषि अनाज मंडी से मुख्य बाजार होते हुए महाविद्यालय सिसौना तक रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
महाविद्यालय पहुंचने के बाद प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान अध्यक्ष पद के प्रत्याशी चंदन सिंह ने कहा कि वह पिछले कई वर्षों से छात्र-छात्राओं के हितों के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं का समर्थन प्राप्त है और उन्हें अपनी टीम की जीत का भरोसा है।






