CrimeUP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

गोली से घायल पत्नी की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत,पति ने मारी थी सीने में गोली

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई के बिलग्राम में घरेलू विवाद के दौरान पति की गोली से गंभीर रूप से घायल हुई महिला आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई। कोतवाली क्षेत्र के कोइलरा गांव में सोमवार सुबह पति ने पत्नी के सीने में तमंचे से गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर किया गया था,जहां गुरुवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

कोइलरा गांव निवासी गंभीर यादव ने सोमवार सुबह घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी साधना (35) को तमंचे से गोली मार दी थी। गोली साधना के सीने में बायीं ओर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोस के दूसरे मकान में रहने वाले गंभीर के पिता राज कुमार, मां सीमा और बहन रीना मौके पर पहुंच गए। घायल साधना को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में उपचार के दौरान बृहस्पतिवार को साधना की मौत हो गई।

साधना की शादी करीब 15 वर्ष पहले गंभीर यादव से हुई थी। दंपती के दो बेटियां और एक बेटा हैं। घटना के बाद साधना के पिता जयचंद, निवासी भैरमपुर, थाना नैमिषारण्य, जिला सीतापुर, की तहरीर पर पुलिस ने गंभीर यादव के खिलाफ जानलेवा हमले और अवैध शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने आरोपी को तमंचे समेत गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था।

कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि महिला की मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले और अवैध शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button