
जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :- गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने अधिकारियों को केंद्र पोषित योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक समयबद्ध पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में सांसद अनिल बलूनी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। इसमें केंद्र पोषित योजनाओं और जनपद में संचालित विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। सांसद ने वन विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं का विस्तार होने से आवागमन सुगम होगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
सांसद ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, विकसित भारत जी राम जी योजना सहित कृषि, पूर्ति, खेल, श्रम और पशुपालन विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति पर नियमित निगरानी रखने और जनसमस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा।
लंबित पेंशन प्रकरण जल्द निपटाएं
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने लंबित पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। दिव्यांग पेंशन से जुड़े मामलों में विशेष सक्रियता बरतने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जनपद में संचालित विकास कार्यों और केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने विभागवार योजनाओं की स्थिति और उनके क्रियान्वयन के संबंध में सांसद को अवगत कराया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष रुद्रप्रयाग संतोष रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल, समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सोनी मेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






